पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुई नौका दुर्घटना और पड़ोसी राज्य सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग हादसे में कई लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु ने विधानसभा सत्र के दौरान दोनों हादसों पर दुख जताया और कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हर संभव मदद प्रदान करेगी। इसी के तहत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि हादसे में जान गंवाने वाले राज्य के हर व्यक्ति के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी, इसके साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को ‘नागरिक स्वयंसेवक’ की नौकरी दी जाएगी।
बीजेपी विधायक ने उठाया था मुद्दा
बीजेपी के विधायक चंद्रशेखर मंडल ने दो जुलाई को बंगाल की खाड़ी में कई मछुआरों के साथ मछली पकड़ने वाली नौका के लापता होने का मुद्दा उठाया था। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के शंकरपुर की यह नौका पांच दिन बाद काकद्वीप के पास बाघेर चार के नजदीक पलटी पाई गई। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की है।
समान मुआवजा राशि का ऐलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को एक बड़ी त्रासदी बताया। सीएम ने कहा, ‘‘अब तक नौका पर सवार 11 मछुआरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चार अब भी लापता हैं।’’ वहीं मुख्यमंत्री ने सिक्किम में सुरंग हादसे में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के निवासियों के परिवारों के लिए भी समान मुआवजा राशि का ऐलान किया।
सिक्किम हादसे में फंसे थे कई मजदूर
गौरतलब है कि सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग में संदिग्ध मीथेन गैस के कारण हुए धमाके के बाद सुरंग ढह गई, जिसमें कम से कम 20 मजदूरों की मौत हो गई और पांच मजदूर 24 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। फंसे हुए लोगों में पश्चिम बंगाल के कई मजदूर भी शामिल थे।












