प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार भव्य एयर शो होने जा रहा है। इसी साल अक्टूबर महीने में भारतीय वायु सेन यह एयर शो आयोजित करने जा रही है। काशी के इतिहास में यह आयोजन पहली बार होने जा रहा है। जिसे लेकर जिला प्रशासन, भारतीय वायु सेना, सेना और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
तैयारियों में जुटे अधिकारी
इसे लेकर ही सर्किट हाउस सभागार में जिलाधिकारी, भारतीय वायु सेना और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने अहम बैठक की। इस तीसरी समन्वय बैठक में एयर शो से जुड़ी सभी तैयारिया समय से पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में एयर शो की विस्तृत रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं और दर्शकों की सुविधाओं पर मंथन किया गया।
भारतीय वायु सेना दिखाएगी करतब
बता दें की एयर शो के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 23 से 25 अक्टूबर तक नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा तट के ऊपर भारतीय वायु सेना अपने करतब दिखाएगी। सेन के लड़ाकू विमान प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक करीब ढाई घंटे तक एयर शो दिखाएंगे। वहीं गंगा घाटों पर हजारों दर्शक इस अद्भुत एयर शो का आनंद ले सकेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी हो सकते हैं शामिल
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार एयर शो के अंतिम दिन यानि 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते है। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय और सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी के बाद ही पीएम मोदी के आगमन का अंतिम फैसला लिया जाएगा।
पर्यटन-कारोबार को मिलेगी रफ्तार
भारतीय वायु सेना के एयर शो से वाराणसी के पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुँच सकते है। जिसे लेकर पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन भी व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है।












