झारखंड सरकार ने राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने 720 नई एंबुलेंस खरीदने का फैसला लिया है। जिसे लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग ने एंबुलेंस खरीद की निविदा प्रक्रिया एक महीने के अंदर पूरी करने का निर्देश दिया है।
उच्चस्तरीय बैठक में हुआ फैसला
बता दें कि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में 720 नई एंबुलेंस खरीदने का फैसला गया। इसके साथ ही एंबुलेंस खरीद, संचालन व्यवस्था और निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
720 नई एंबुलेंस खरीदी जाएंगी
विभाग के अनुसार, पहले से स्वीकृत 30 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की खरीद प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त 20 नई एएलएस, 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल खरीदे जाएंगे।
स्वास्थ्य संस्थानों तक समय पर पहुंचेंगे मरीज
बैठक में जानकारी दी गई कि जो पहले खरीदी गई या विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध कराई गई कई एंबुलेंस अब जर्जर हो चुकी हैं। जिससे मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचाने में समस्या का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए ही 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल खरीदने का फैसला लिया गया है। इन्हें सीएचसी और पीएचसी स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया जा सके।












