उत्तर प्रदेश में राजनीतिक वार-पलटवार का दौर लगातार जारी है। एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है। मंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया जिसके जरिए अखिलेश यादव पर तीखे प्रहार किए हैं। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच होने वाले गठबंधन, सपा की मुस्लिम वोट बैंक वाली राजनीति और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है।
किसे बताया अखिलेश का बॉस?
मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि “मित्र अखिलेश यादव जी, हफ़्ते भर से आप और आपके बॉस संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे। ये अच्छी बात नहीं है। सुझाव है कि अपने सांसदों से तो कहिए ही कि सदन चलने दें लेकिन अपने बॉस राहुल जी को भी थोड़ा रिक्वेस्ट कर लीजिएगा महाराज।”
सीट बंटवारे पर मंत्री का तंज
मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अखिलेश जी, हमको पता है कि आपको अब सबसे बड़ी चिंता क्या सता रही है? यही न, कि अब कांग्रेस यूपी में 200 सीट और ज्यादा दबंगई से मांगेगी तो किस मुंह से मना कर पाएंगे। मानिए चाहे न मानिए, कांग्रेस यूपी में अब आपसे बीस है। आप उन्नीसे रह गए हैं, ऐसा लगता है।”
मुस्लिम वोट बैंक का जिक्र
वहीं ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में दावा करते हुए लिखा, “अब हमको तो चिंता हो रही है, क्योंकि पीडीए तो आपके हाथ से पहले ही निकल गया है, अब MY का ‘एम’ यानी मुस्लिमों का भी मूड बदल चुका है। आपके किसी दांव में मुसलमानों को दम-दिलासा दिख नहीं रहा है।”
अखिलेश यादव को क्या सलाह?
इसके साथ ही मंत्री ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि, “हम समझाते थे आपको कि ट्विटर, एसी-पीसी छोड़ के जमीन पर आइए, ड्रामा की बजाए काम करिए। लंदन-पेरिस घूमने की जगह यूपी के बौद्ध सर्किट का चक्कर लगाइए। दिल्ली जाने की बजाए आजमगढ़ के गैर-यादव भाइयों का ध्यान दीजिए।” राजभर ने लिखा, “हमारी सलाह है कि आप अब सार्वजनिक रूप से खुलकर मान ही लीजिए कि ‘राहुल गांधी जी आपके ब्लॉक में बड़के भैया हैं’। मानेंगे कि नहीं?”
गौरतलब है कि इससे पहले भी मंत्री ओपी राजभर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर जमकर निशाने साध चुके हैं। पिछले कई दिनों से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर एक के बाद एक कई जुबानी वार मंत्री कर चुके हैं।












