उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक के बीच शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए MoU हुआ।
10 लाख लोग होंगे लाभान्वित
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा के माध्यम से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों सभी को इस योजना के अंतर्गत शामिल किया जा रहा है। शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है। हर साल 5 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने वाली इस योजना से लगभग 10 लाख लोग लाभान्वित होंगे।
सहायता राशि की जाएगी उपलब्ध
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के साथ एक MoU भी किया गया है। इससे शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा की अतिरिक्त गारंटी मिलेगी। इस MoU के अंतर्गत अगर किसी शिक्षक के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है या फिर स्थायी विकलांगता जैसी अप्रत्याशित घटना होने की स्थिति में परिवार को पंजाब नेशनल बैंक की ओर से इस योजना के माध्यम से 1.5 करोड़ से लेकर 3 करोड़ रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
हॉस्पिटल कैश सुविधा मिलेगी
इस योजना के तहत 60 हजार रुपये तक की हॉस्पिटल कैश सुविधा मिलेगी। वहीं 12 लाख रुपये तक का टर्म लाइफ बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका सिर्फ पढ़ाने की नहीं, बल्कि विद्यार्थी को दिशा देने, उसके अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे सही मार्ग पर आगे बढ़ाने की है।












