केंद्र की PMKVY 1.0 से 3.0 योजना: 1.11 करोड़ उम्मीदवार सर्टिफाई, 24.38 लाख युवाओं को मिली नौकरी

राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बताया कि पीएमकेवीवाई 4.0 में युवा अपनी पसंद के अनुसार विभिन्न करियर विकल्प चुनने के लिए स्वतंत्र है।

केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 1.0 से पीएमकेवीवाई 3.0 के तहत युवाओं का कौशल विकास हो रहा है। इस योजना के तहत अब तक कुल 1.11 करोड़ उम्मीदवारों को सर्टिफाई किया गया है। जिनमें से 24.38 लाख उम्मीदवारों को रोजगार मिलने की जानकारी दर्ज की गई है। जिन्हें शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग दी गई थी।

सशक्त बनाने पर विशेष जोर
लोकसभा में कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बताया कि पीएमकेवीवाई 4.0 में युवा अपनी पसंद के अनुसार विभिन्न करियर विकल्प चुनने के लिए स्वतंत्र है। युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी कारण इस चरण में रोजगार से संबंधित आंकड़ों की निगरानी नहीं की जाती है।

युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का ‘स्किल इंडिया मिशन’ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जन शिक्षण संस्थान, राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से संचालित क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण दे रहा है। जिनमें स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग शामिल हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल
सरकार के अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप ढालना है और युवाओं को नई तकनीकों से जुड़ी कौशल क्षमता प्रदान करना है, ताकि वे रोजगार बाजार की बदलती मांगों के अनुसार तैयार हो सकें। इसके अलावा सरकार ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 से लागू पीएमकेवीवाई 4.0 में भविष्य की तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भी युवाओं का कौशल विकास किया जा रहा है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़