अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया बोइंग ड्रीमलाइनर विमान हादसे की जांच तेज है। केंद्र सरकार ने संसद में स्पष्ट किया कि विमान हादसे की जांच में किसी तरह की कोई देरी नहीं हुई है। संसद में बोलते हुए नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना की जांच तय प्रक्रियाओं के अनुसार आगे बढ़ रही है।
घटना की अंतिम रिपोर्ट होगी तैयार
राज्यसभा में मंत्रालय ने कहा कि विमान हादसे की जांच तेजी से चल रही है और व्यापक तरीके से इसकी जांच की जा रही है। इसको लेकर अभी अंतिम रिपोर्ट तैयार होना बाकी है। बड़े विमान हादसों की जांच कई तकनीकी और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर निर्भर करती है। इस घटना को लेकर अंतिम जांच रिपोर्ट कब तक तैयार होगी, इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की जा सकती।
हर संभावित कारण की जांच
मंत्रालय ने यह भी कहा कि किसी बड़े विमान हादसे की जांच पूरी होने का समय पहले से बताना संभव नहीं है। दुर्घटना के पीछे के हर संभावित कारण की जांच की जा रही है। विमान हादसे की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इसलिए अभी तक किसी भी संभावित कारण को अंतिम रूप से जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।
12 जून को हुआ था भीषण विमान हादसा
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद को यह भीषण विमान हादसा हुआ था जब लंदन-गैटविक जा रही एयर इंडिया की उड़ान टेकऑफ के महज 35 सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी। वहीं जमीन पर मौजूद 19 लोगों ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवाई थी। हालांकि इस विमान में सवार एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया था।












