शिक्षा व्यवस्था पर अखिलेश यादव के सवालों पर भड़के मंत्री संदीप सिंह, कहा- “PDA नहीं, Propaganda Delivery by Akhilesh”

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में संसद सत्र के दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष को जमकर घेरा। स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष पर सवालों की बौछार कर दी। जिसे लेकर अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मंत्री संदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अखिलेश यादव पर एक के बाद एक कई वार किए। मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने शायद PDA की नई परिभाषा गढ़ ली है। यह नई परिभाषा है ‘Propaganda Delivery by Akhilesh’।

‘पहले अपना शासनकाल देखें अखिलेश’
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव शिक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं। उन्हें यह सब बोलने से पहले अपने शासनकाल का भी हिसाब देखना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था किस तरह बदहाल रही है वो सबने देखा। अखिलेश यादव के परिवार का शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का एक लंबा इतिहास रहा है और ऐसे में मौजूदा सरकार पर सवाल उठाने से पहले सपा को अपने कार्यकाल की घटनाओं का जवाब देना चाहिए।

अखिलेश यादव के आरोप किए खारिज
अखिलेश यादव ने आरोप लगाए थे कि परिषदीय विद्यालयों को बंद कर दिया गया जिसके पलटवार में मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के यह आरोप बिल्कुल निराधार है। परिषदीय विद्यालयों को बंद करने की बात सही नहीं है। मंत्री ने कहा कि जिन विद्यालयों में छात्रों की संख्या कम है उन्हें नजदीकी विद्यालयों में मर्ज किया जा रहा है। वहीं, जो विद्यालय खाली हो रहे हैं, उनका इस्तेमाल प्री-प्राइमरी शिक्षा के लिए किया जाएगा। मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाना है,  विद्यालयों को बंद करना नहीं। इसी दिशा में सरकारी स्कूलों में बालवाटिका और प्री-प्राइमरी कक्षाओं की शुरुआत की गई है।

2027 चुनाव को लेकर निशाना|
वहीं मंत्री संदीप सिंह ने 2027 में विधानसभा चुनावों को लेकर भी अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नकल माफिया को शरण देने वाले अखिलेश यादव को अब लगने लगा है कि 2027 में उनकी सरकार नहीं बनने वाली, इसलिए वह अनर्गल बयान देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

नकल विरोधी कानून का जिक्र
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सरकार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नकल माफिया पर लगाम लगाने के लिए सख्त कानून बनाया था। लेकिन जैसे ही मुलायम सिंह यादव सत्ता में आए उन्होंने इस कानून को खत्म कर दिया था। संदीप सिंह ने अखिलेश यादव पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जिस राजनीतिक परिवार के शासनकाल में नकल पर रोक लगाने वाले कानून को खत्म किया गया, वो आज शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है।

शिक्षा बजट को लेकर कसा तंज
इसके साथ ही मंत्री संदीप सिंह ने शिक्षा बजट को अपनी सरकार की उपलब्धि भी गिनवाई। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश का शिक्षा बजट करीब 28 हजार करोड़ रुपये था, जिसे योगी सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा कर दिया है। मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार ने बजट बढ़ाने के साथ स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने पर भी काम किया है।

अखिलेश यादव को मंत्री की सलाह
मंत्री संदीप सिंह ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि शिक्षा जैसे मुद्दे पर बयान देते समय तथ्यों का ध्यान में रखें। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पहले भी शिक्षा को लेकर कई बार अमर्यादित बयान दे चुके हैं और अब भी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है। वो भ्रमित करने वाली बयानबाजी पर विश्वास नहीं करने वाली।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़