उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव होने वाले है। इन चुनावों से पहले काशी की अधिकांश पर्यटन परियोजनाएं पूरी होने वाली है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंडल आयुक्त सभागार में समीक्षा बैठक की। इस बैठक में वाराणसी मंडल के पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
परियोजनाओं की प्रगति का आकलन
समीक्षा बैठक के बाद पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि सभी मंजूर परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया। साथ ही साल 2026-27 के लिए प्रस्तावित नई पर्यटन परियोजनाओं पर जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और शासन स्तर के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया है और उन्हें जल्द मंजूर दिलाने की दिशा में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा पर्यटन परियोजनाएं धरातल पर दिखाई दें इसके लिए प्रयासरत है। जो योजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं, उन्हें भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। जिसके लिए गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रदेश की विकास योजनाओं का लाभ हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रयासरत है।












