दिल्ली सरकार ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ का शुभारंभ कर दिया है। इस योजना के तहत दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 3,000 से ज्यादा छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। छात्राओं के लिए यह योजना वरदान साबित होने वाली है। स्कूल जाने के लिए फिर छात्राओं को किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस योजना के पहले चरण में 3 हजार से ज्यादा छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई हैं वहीं इसके बाद अगले एक महीने के अंदर दिल्ली की करीब 1.40 लाख छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलने वाला है।
छात्राओं के आत्मविश्वास को उड़ान
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, स्कूल तक उनकी सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अहम है। इसके साथ ही इस योजना से छात्राओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान मिलेगी।
1.40 लाख से ज्यादा छात्राओं को लाभ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस योजना के तहत दिल्ली सरकार का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 1.40 लाख से ज्यादा छात्राओं तक लाभ पहुंचाना है। सीएम ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को साकार करने और परिवार, दिल्ली और देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली सरकार की इस योजना से न सिर्फ छात्राओं के परिवहन खर्च में कमी आएगी इसके साथ ही उन्हें पढ़ने के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा। छात्राओं के अंदर आत्मविश्वास पैदा होगा।












