डिजिटल इंडिया का संकल्प पूरा कर रही छत्तीसगढ़ सरकार , 2,305 नए मोबाइल टावरों के लिए केंद्र से मांगी मंजूरी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। यह अहम मुलाकात राष्ट्रीय राजधानी के संचार भवन में हुई। इस मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में डिजिटल और दूरसंचार कनेक्टिविटी के विस्तार से जुड़े अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

2,305 नए मोबाइल टावरों को मंजूरी का अनुरोध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के दूरस्थ, जनजातीय, सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अनुरोध किया। सीएम ने केन्द्रीय मंत्री से डिजिटल भारत निधि योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 2,305 नए मोबाइल टावरों को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया।

डिजिटल इंडिया का संकल्प
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के संकल्प को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार काम कर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक डिजिटल इंडिया का संकल्प पहुंचे। इसके लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में संवाद का माध्यम सिर्फ मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी ही है। मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट की उपलब्धता से इन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं मिल पायेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अनेक दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण संचार नेटवर्क का विस्तार चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे क्षेत्रों में 2,305 नए मोबाइल टावरों की स्थापना डिजिटल समावेशन की दिशा में बड़ा बदलाव लाएगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़