प्रधानमंत्री मोदी से मिले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य के कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी के सामने बस्तर के समग्र विकास का रोडमैप रखा। वही केंद्र सरकार से राज्य की कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए सहयोग का आग्रह किया।

तीन प्रमुख विषयों पर मांगा विशेष सहयोग
बता दें कि इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी से तीन प्रमुख विषयों पर विशेष सहयोग मांगा। जिसमें पहला विषय राजनांदगांव में प्रस्तावित 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया परियोजना को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। इस परियोजना को लेकर राज्य सरकार की सभी जरूरी मंजूरियाँ भी पूरी हो चुकी हैं। इस परियोजना से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं सीएम ने जिन 461 गांवों में पहले सुरक्षा कारणों से बिजली का ग्रिड नहीं पहुंच पाया था और जहां अभी भी ऑफ-ग्रिड बिजली व्यवस्था है, उन्हें स्थाई ग्रिड से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहायता देने का आग्रह किया गया। इसके अलावा तीसरा, मुख्यमंत्री ने रायपुर और बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की स्थापना के प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया।

‘बस्तर विजन’की जानकारी दी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘बस्तर विजन’की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’और ‘बस्तर मुहिम’ के माध्यम से बस्तर संभाग के 5,542 गांवों में सरकारी योजनाओं का व्यापक क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे लगभग 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राशन, आयुष्मान भारत, जनधन, वनाधिकार और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव की जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र की जानकारी देते हुए सीएम ने पीएम मोदी को बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य अधोसंरचना का भी विस्तार किया जा रहा है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़