महाराष्ट्र के भिवंडी में इमारत गिरने से भीषण हादसा हुआ जिसमें 9 लोगों ने अपनी जान गवां दी। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि देने की बात कही। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी और हादसे में घायलों को 50,000 रुपए की
अनुग्रह राशि दी जाएगी।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र के ठाणे में इमारत गिरने से हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द से जल्द ठीक हों।”
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए आदेश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भिवंडी में बिल्डिंग गिरने से कुछ लोगों की मौत बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के साथ हूं। इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश नगर आयुक्त को दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मैं उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”
उपमुख्यमंत्री ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी दुख जताते हुए कहा, “कोहिनूर बिल्डिंग गिरने से 9 लोगों की जान गई। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं।”वहीं एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली है और रेस्क्यू तेज करने को कहा है। घायलों का इलाज भिवंडी के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भी भर्ती किया जाएगा।
कैसे हुई दर्दनाक घटना?
बता दें कि महाराष्ट्र के भिवंडी जिले के बालाजी नगर क्षेत्र में स्थित चार
मंजिला कोहिनूर इमारत के एक हिस्से के गिरने से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत का काम
चल रहा था।












