पिछले महीने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं दूसरी बोर्ड के नतीजे घोषित किए गए थे। जिसके बाद अब बोर्ड ने दसवीं के छात्रों के लिए स्कैन कॉपी प्राप्त करने की सुविधा को शुरू कर दिया है। अब छात्र अपनी उत्तरपुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद अंकों का सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन कराया जा सकेगा। छात्र ऑनलाइन आवेदन के जरिए इन सुविधाओं को प्राप्त कर सकते हैं। पहले और दूसरे बोर्ड दोनों परीक्षा की उत्तरपुस्तिका प्राप्त कर सकते हैं।
अंक बढ़ने पर फीस रिफंड
बता दें कि सत्यापन, पुनर्मूल्यांकन सिर्फ एक उत्तरपुस्तिका का ही होगा। इसके बाद अंक बढ़ने पर फीस रिफंड की जाएगी। सीबीएसई के अनुसार विद्यार्थी पहले मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करेंगे, जिसके बाद जरूरत होने पर अंक सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
9 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
छात्र मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए 5 से 9 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रति विषय 300 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए 16 से 19 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। अंक सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 300 रुपये तथा पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
बोर्ड ने साफ कर दिया है कि यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। निर्धारित तिथि के बाद या फिर ऑफलाइन माध्यम से कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। शुल्क का भुगतान भी सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से होगा। पुनर्मूल्यांकन के बाद अंक बढ़ने, घटने या ज्यों का त्यों रहने की स्थिति में संशोधित परिणाम ही अंतिम माना जाएगा। यदि अंकों में परिवर्तन होता है तो संबंधित छात्र को पुराना अंकपत्र जमा कर नया अंकपत्र जारी किया जाएगा।












