केन्द्रीय कैबिनेट ने गुवाहाटी-तेजपुर कॉरिडोर के विकास को दी मंजूरी, परियोजना से यात्रा की रफ्तार होगी दोगुनी

केन्द्रीय कैबिनेट ने असम में एनएच-15 के 135.871 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले गुवाहाटी-तेजपुर कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दी है।

केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक के दौरान कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। जिनमें से एक अहम फैसला असम में एनएच-15 के 135.871 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले गुवाहाटी-तेजपुर कॉरिडोर के विकास को मंजूरी देना रहा। बता दें कि यह परियोजना एनएच के तहत निर्मित-संचालन-स्थानांतरण टोल मॉडल पर विकसित की जाएगी। जिसकी लागत लगभग 8970.20 करोड़ रुपये है।

आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का निर्माण
इस परियोजना में तेजपुर बाईपास में एक आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का निर्माण भी शामिल है। इसे भारतीय वायु सेना के समन्वय से अंतिम रूप दिया गया है। इससे ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी किनारे पर स्थित मौजूदा एनएच-27 पर यातायात जाम से राहत मिलेगी। इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि परियोजना में 58.7 किलोमीटर लंबाई के 5 प्रमुख बाईपास का निर्माण भी शामिल है।

यात्रा के समय में होगी कटौती
केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना में 15 प्रमुख पुल, 30 लघु पुल, 19 फ्लाईओवर और एक हाथी अंडरपास का भी प्रावधान है। 46 अंडरपास और 19 फ्लाईओवर के साथ 210 किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा। जिससे यात्रा सुविधाजनक रहेगी। इस परियोजना से यात्रा की रफ्तार दोगुनी हो जाएगी वहीं यात्रा का समय आधा हो जाएगा। मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना असम और अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निर्बाध रूप से जोड़ेगी। इसके अतिरिक्त उन्नत कॉरिडोर 8 पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्रों, 2 सामाजिक केंद्रों, 3 पर्यटन केंद्रों और 7 लॉजिस्टिक केंद्रों से कनेक्टिविटी बढ़ाएगा।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़