उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अब तक कई मुद्दों पर अखिलेश यादव पर एक के बाद एक कई जुबानी हमले बोल चुके है। एक बार फिर मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर किया और अखिलेश यादव को अपने निशाने पर लिया। गाजीपुर और अमेठी की घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी पर आरोप लगते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी का PDA का नारा सिर्फ दिखावा है, जबकि जमीनी स्तर पर पिछड़े और दलित समाज के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं।
‘कंसवंशी’ शब्द का इस्तेमाल
अपने पोस्ट में इस बार मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव और उनके समर्थकों के लिए ‘कंसवंशी’ शब्द का इस्तेमाल कर डाला। ओपी राजभर ने कहा कि “ऐसा लगता है कि आप भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हो ही नहीं सकते। आप लोग कृष्ण नहीं, कंसवंशी हैं।“ मंत्री ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीतने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और अधिक आक्रामक हो गए हैं और PDA के नाम पर सिर्फ राजनीतिक नौटंकी की जा रही है।
गाजीपुर की घटना का जिक्र
कैबिनेट मंत्री ने गाजीपुर की घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि राजभर समाज की दो मासूम बच्चियों के साथ सिर्फ इसलिए बर्बरता हुई क्योंकि वे यादव समाज के खेत में घास काटने चली गई थीं। उन्होंने कहा कि 13 वर्षीय आंचल राजभर की हत्या कर दी गई, जबकि 12 वर्षीय चांदनी राजभर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। इन घटनाओं पर अखिलेश यादव चुप क्यूँ है।
अमेठी हत्याकांड को लेकर निशाना
मंत्री ओपी राजभर ने अमेठी की घटना को लेकर आरोप लगाया कि एक कश्यप युवक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने यादव समाज की युवती से प्रेम विवाह किया था। राजभर ने दावा किया कि युवक को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरता की गई और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रेम विवाह करना अपराध है और इस मामले में समाजवादी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई।
सपा नेताओं की मानसिकता और अधिक कट्टर
कैबिनेट मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि “सर तन से जुदा” जैसी सोच रखने वालों के साथ रहने से सपा नेताओं की मानसिकता और अधिक कट्टर हो गई है। उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि ऐसे मामलों पर पार्टी नेतृत्व चुप रहता है।
कई जातियों से मंत्री की अपील
ओपी राजभर ने कहा कि अगर किसी की लड़ाई है तो वह उनसे सीधे लड़े। मंत्री ने अपना सरकारी आवास का पता भी अपनी पोस्ट में लिख डाला। मंत्री ने दावा किया कि अगर कुछ समाज एक साथ खड़े हो गए तो समाजवादी पार्टी की राजनीति को बड़ा नुकसान होगा।












