उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। सीएम योगी ने लोकभवन में हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट बुनकरों को संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री हैंडलूम और पावरलूम उद्योग विकास योजना और झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
पांच लाख सुरक्षा बीमा का कवर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर यह सबसे बड़ा कुटीर उद्योग है। इन सभी MSME उत्पाद का रजिस्ट्रेशन के साथ पांच लाख सुरक्षा बीमा का कवर भी दिया है। इसके तहत अगर कोई दुर्घटना हो जाती है तो उसे पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की सरकारों पर भी जमकर निशाने साधे। सीएम योगी ने कहा कि यह पहल साल 2017 से पहले भी होनी चाहिए थी। लेकिन भाई-भतीजों में उलझी उस समय की सरकारों के पास फुर्सत कहां थी।
सीएम योगी आदित्यनाथ की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आपके हितों को संरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके के साथ सीएम योगी ने विभाग से अपील की हमारे हस्तशिल्प और कारीगरों की ओर से जो उत्पाद तैयार किया गया है या किया जाता है तो उसे तकनीक और डिजाइन के साथ जोड़े। बाजार की मांग के हिसाब से उत्पाद तैयार करने में मदद करें। वहीं सीएम योगी ने आम नागरिकों से भी यह अपील की है कि हम सब अपने कारीगरों की ओर से निर्मित उत्पाद ही अपने चहेतों को भेंट करें।












