प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत विकसित भारत की यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। आने वाले 20-30 सालों की दुनिया कैसी होगी, यह निश्चित रूप से कोई नहीं कह सकता। दुनिया तेजी से बदल रही है और इस बदलाव के दौर में चुनौतियों के साथ नये अवसर भी पैदा होते हैं। पीएम मोदी ने कहा, “दुनिया बदलेगी, प्रौद्योगिकी भी बदलेगी, उद्योग बदलेगा, पेशे भी बदलेंगे। लेकिन, इन सबके बीच मेरी बात याद रखिएगा, जो सीखेगा, वह जीतेगा। जो नई चुनौतियों के नये उपाय खोजने का साहस रखेगा, चुनौतियां उसके लिए अवसर बन जाएंगे।”
विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की अहम भूमिका
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के युवाओं के सामने आने वाले सालों में नई तकनीकों और क्षेत्रों में काम करने के अवसर होंगे। सरकार की आधुनिक नीतियों से आज युवाओं के लिए कई ऐसे क्षेत्र खुले हैं, जहां पहले प्रवेश के अवसर सीमित थे और देश में नये-नये क्षेत्र भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की भूमिका बड़ी है। आज देश का युवा जितना सशक्त होगा, देश भी उतना ही सशक्त होगा।
अंतरिक्ष क्षेत्र का दिया उदाहरण
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में युवाओं के लिए नये अवसरों का एक उदाहरण अंतरिक्ष क्षेत्र है। कुछ साल पहले तक इस क्षेत्र में लगभग पूरा काम सरकार के स्तर पर होता था, लेकिन आज यही क्षेत्र हजारों युवाओं के लिए नये अवसरों का क्षेत्र बन चुका है। युवा अपने लॉन्च व्हीकल बना रहे हैं और रॉकेट लॉन्च कर रहे हैं। युवा आज सफलता की नई उचाइयाँ छू रहे है।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की नई शुरुआत
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी भारत ने नई शुरुआत की है और पहली सेमीकंडक्टर इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि चिप से लेकर शिप तक सब कुछ भारत में युवाओं के हाथों से बनेगा। ड्रोन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा इस क्षेत्र में नई संभावनाएं तैयार कर रहे हैं। कृषि में काम लेने, दवाइयां पहुंचाने और देश की रक्षा और सुरक्षा में ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है।












