उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री आवास से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों समेत प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी भी ली और उनकी हौसलाअफजाई की। मुख्यमंत्री योगी ने स्वाधीनता दिवस की अग्रिम बधाई दी और सभी प्रदेश्वसियों से अपील की कि इससे पहले हर घर में तिरंगा फहराएं।
शहीदों को किया याद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूरे देश में आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा से क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने भारत की आजादी और स्वतंत्र भारत में देश की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों, सैनिकों को नमन किया और संविधान निर्माताओं राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब भीमराव आंबडेकर, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल आदि को भी याद किया।
भारत के प्रतीकों के अपमान पर सजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने के लिए एक बड़ा फैसला भी लिया है। पीएम मोदी ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों को संज्ञेय अपराध की सूची में रखते हुए दंडित करने का फैसला लिया है। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि अब यह नहीं हो सकता कि रहेंगे भारत में लेकिन भारत के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत को अपमानित करेंगे।
तिरंगा यात्रा में हजारों युवाओं की भागीदारी
मुख्यमंत्री योगी तिरंगा यात्रा में युवाओं की भारी उपस्थिति से गद्गद नजर आए। सीएम योगी ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प को लेकर जिन हुतात्माताओं ने राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान दिया, लखनऊ में 25-30 हजार युवा इस तिरंगा यात्रा में सहभागी बनकर उन सभी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं।
अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील
सीएम ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी भारत के आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा को अपने घर पर लगाएं। तिरंगा के प्रति सम्मान हो, इसके लिए पीएम मोदी ने उसके कोड में संशोधन करके अनिवार्य कर दिया है कि अब आप अपने घर में भी इसे फहरा सकते हैं। कांग्रेस के समय इसके लिए न्यायालय में शरण लेकर लड़ाई लड़नी पड़ती थी तब लोग तिरंगा को घर में लगा पाते थे, लेकिन पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को आजादी दी ताकि आप अपने घरों में भी तिरंगा लगा सकें।












