मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की पेंशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल की प्रोत्साहन राशि सीधे खातों में भेजी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी हितग्राहियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता सेवा और अंत्योदय है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि भेजी। पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये अंतरित किए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में संबंधित हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई है।
गैस सिलेंडर रिफिल की राशि खातों में भेजी
इसके अलावा श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल की राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की। प्रदेश की लगभग 22 लाख 20 हजार से ज्यादा बहनों के खातों में यह राशि भेजी गई। इसके तहत करीब 99 करोड़ रुपये की दो महीने की सब्सिडी बहनों के खातों में पहुंचाई गई है।
सीएम की देशवासियों से अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाएं।












