मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अब खुद जनता के बीच उनकी समस्याएं सुनकर समाधान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में ‘जन विश्वास अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत अब हर शुक्रवार को जनता दरबार लगाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिला केंद्र से लेकर तहसील स्तर तक जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे।
जनता दरबार में मौजूद रहेंगे मंत्री-आला अधिकारी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस जनता दरबार में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, कलेक्टर और कमिश्नर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जनता दरबार में पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इसके साथ ही समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
समस्याओं का समय पर मिलेगा समाधान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ‘जन विश्वास अभियान’ के 4 प्रमुख आधार संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी होंगे। इस अभियान के जरिए राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना हैं। इससे आम लोगों को उनकी समस्याओं का समय पर समाधान मिलेगा।












