मध्य प्रदेश के निवेश को नए पंख, राज्य को मिले 8 हजार 635 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मध्यप्रदेश में निवेश को नए पंख मिल गए हैं। राज्य को विभिन्न क्षेत्रों में 8 हजार 635 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुए हैं

मध्यप्रदेश में निवेश को नए पंख मिल गए हैं। राज्य को विभिन्न क्षेत्रों में 8 हजार 635 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुए हैं जो राज्य के निवेश में अपार बढ़ोतरी के लिए बहुत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। दरअसल गुजरात के अहमदाबाद में निवेश संवाद आयोजित किया गया। इस संवाद के दौरान मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 8 हजार 635 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुए हैं। यह सिर्फ निवेश ही नहीं बल्कि राज्य में रोजगार के अवसरों में भी बड़ी बढ़ोतरी है। इन प्रस्तावों से 5 हजार 785 से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

500 से ज्यादा उद्योगपतियों, निवेशकों की भागीदारी
बता दें कि निवेश संवाद में गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा सहित प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से 500 से ज्यादा उद्योगपतियों, निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।  जिन्होंने मध्यप्रदेश में निवेश के प्रति विशेष रुचि दिखाई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेगा निवेश संवाद इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश में देशभर से आए प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित किया।  

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रण
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुजरात के उद्योग जगत को आगामी प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027, भोपाल के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि आपके पास अनुभव है और हमारे पास अवसर। हमारे अवसरों को आपका अनुभव मिल जाए, तो हम मिलकर इतिहास रचेंगे।

मध्यप्रदेश और गुजरात हैं जुड़वा भाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और गुजरात दोनों ही राज्य जुड़वा भाईयों की तरह हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के पास तकनीक, व्यापार और औद्योगिक अनुभव है, वहीं मध्यप्रदेश के पास प्रचुर जल, लैंड बैंक और देश के मध्य में स्थित होने का लॉजिस्टिक्स एडवांटेज है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई सालों में प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 34 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

युवाओं को हर क्षेत्र में अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवा दिवस की शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। राज्य में टूरिज्म, आईटी, फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में भी अपार संभावनाएं हैं। मध्यप्रदेश में सबसे तेज गति से मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। सबसे तेज गति से उद्योगों की स्थापना हो रही है।

निवेश के लिए अनुकूल माहौल
अपर मुख्य सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन नीरज मंडलोई ने सभी निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए एक लाख एकड़ से ज्यादा का लैंड बैंक उपलब्ध है। राज्य में 8 एयरपोर्ट, 22 रेल जंक्शन और तेजी से बढ़ता लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर इसे बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं।

सीएम की उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेश संवाद के दौरान प्रमुख उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान 15 से ज्यादा वन-टू-वन बैठकें हुईं। इनमें निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक विस्तार और मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़