मध्य प्रदेश में 43,000 करोड़ का निवेश करेगा टोरेंट ग्रुप, 15 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

मध्यप्रदेश में टोरेंट ग्रुप की ओर से बड़ा निवेश किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश में टोरेंट ग्रुप की ओर से बड़ा निवेश किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के अहमदाबाद में टोरेंट ग्रुप एवं टोरेंट पावर लिमिटेड के चेयरमैन समीर मेहता से मुलाकात की। इस दौरान निवेश को लेकर उच्चस्तरीय विचार-विमर्श किया गया। इस मुलाकात के बाद सीएम मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि टोरेंट ग्रुप की संचालित एवं विकासाधीन विभिन्न परियोजनाओं से प्रदेश में 43 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जा रहा है। इससे युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।  इस बड़े निवेश से 15 हजार से ज्यादा युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।’

अनूपपुर जिले में परियोजना
बता दें की टोरेंट पावर द्वारा अनूपपुर जिले में 1,600 मेगावाट क्षमता की अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना स्थापित की जा रही है। यह परियोजना करीब 22,000 करोड़ रुपए के निवेश की है। जिससे 7000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। गौरतलब है की मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के साथ 27 जनवरी 2026 को पावर परचेज एग्रीमेंट निष्पादित किया जा चुका है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है।  

पातालकोट पंप्ड स्टोरेज परियोजना पर कार्य
वहीं छिंदवाड़ा जिले में 1,500 मेगावाट क्षमता की पातालकोट पंप्ड स्टोरेज परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना में 7,500 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इस परियोजना से भी लगभग 4,000 रोजगार सृजित होंगे। इसके अलावा रतलाम और उज्जैन में 250 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना विकासाधीन है।  2,000 करोड़ रुपए के निवेश वाली इस परियोजना में 500 रोजगार शामिल हैं।

पीथमपुर में फार्मा इकाई का सफल संचालन
ऊर्जा क्षेत्र के साथ टोरेंट ग्रुप की ओर से धार जिले के पीथमपुर में USFDA अनुमोदित अत्याधुनिक फार्मा विनिर्माण इकाई का सफल संचालन किया जा रहा है।  इस परियोजना में 300 करोड़ रुपए के निवेश किए गए है। जिससे 400 से ज्यादा लोगों को रोजगार उपलब्ध हुआ है। अहमदाबाद स्थित टोरेंट ग्रुप की प्रमुख ऊर्जा कंपनी टोरेंट पावर की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता लगभग 5.1 गीगावाट है।

देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल टोरेंट ग्रुप
बता दें कि अहमदाबाद स्थित टोरेंट ग्रुप देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल है। ऊर्जा, फार्मास्युटिकल्स और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में समूह की गतिविधियां हैं। कंपनी साल 2030 तक लगभग 10 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करने के लक्ष्य के साथ सौर, पवन, हाइब्रिड, बैटरी स्टोरेज और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं में निवेश कर रही है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़