मध्यप्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भोपाल के कोलार इलाके में संस्था ‘कर्मश्री’ ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। करीब 32 किलोमीटर लंबी यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति की भावना को जागृत करने वाली बनी। इस यात्रा में एक लाख से अधिक नागरिकों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। वहीं यात्रा के दौरान करीब 50 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।
जगह-जगह यात्रा का स्वागत
बता दें कि इस भव्य यात्रा का शुभारंभ कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से हुआ। जहां से तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी तक पहुंची। करीब 32 किलोमीटर के इस रूट पर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए। आयोजकों के मुताबिक, 1100 से ज्यादा स्थानों पर नागरिक और सामाजिक संस्थाएं यात्रा का स्वागत करती नजर आई।
सीएम ने बढ़ाया लोगों का उत्साह
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। सीएम मोहन यादव ने यात्रा के दौरान लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर नजर आए और पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
“पूरा भोपाल सड़कों पर उतरा”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में शामिल युवाओं को देख ऐसा लग रहा है जैसे पूरा भोपाल सड़कों पर उतर आया है। सीएम ने कहा कि युवा शक्ति तिरंगे के साथ देश के मान-सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।












