15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पदक अलंकरण समारोह में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर सीएम मोहन यादव कुल 47 अधिकारी-कर्मचारियों और व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक और सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक प्रदान किए जाएंगे।
पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रपति के 9 विशिष्ट सेवा पदक और 33 सराहनीय सेवा पदकों से सम्मानित किया जाएगा। लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करते हुए पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। स्वतंत्रता दिवस पर विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख, बीएसएफ नई दिल्ली के पुलिस महानिरीक्षक मकरन्द देऊस्कर, उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता और इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
33 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
वहीं राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस विभाग के 33 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। यह सम्मान पाने वालों में गृह विभाग की विशेष कर्तव्य अधिकारी कृष्णावेणी देशावतु, छतरपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार खत्री, पुलिस मुख्यालय भोपाल के डीआईजी मनोज कुमार राय सहित कई अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा एसटीएफ, लोकायुक्त, विशेष शाखा, साइबर मुख्यालय, ईओडब्ल्यू और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
होमगार्ड के तीन स्वयंसेवकों को सम्मान
होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा से जुड़े तीन स्वयंसेवकों को भी राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें शाजापुर के संतोष कुमार शुक्ला, उज्जैन के सुनील कुमार जैन और इंदौर के नरेंद्र अवस्थी शामिल हैं।
दो लोगों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक
वहीं समारोह में दो लोगों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें मंदसौर के स्वर्गीय मनोहर सिंह चौहान को मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा। वहीं दमोह जिले के कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा को भी इस पदक से सम्मानित किया जाएगा।












