हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधारोपण के देशभर को बड़ा हरित संदेश दिया। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में “वृक्ष मित्र परिवार” के साथ 31 राज्यों में 50 हजार से ज्यादा पेड़ लगाए गए। इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” आह्वान ने और भी मजबूत बनाया। दिल्ली के पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रेंज, तालकटोरा स्टेडियम के पास यह मुख्य कार्यक्रम हुआ। जिसमें मंत्री, सांसद, अधिकारी, किसान, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
वृक्ष मित्र परिवार ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्यक्रम की भव्य शुरुआत पौधों में जल अर्पण और वंदे मातरम् के साथ हुई। जिसके बाद सामूहिक पौधारोपण किया गया। दिल्ली के अलावा देशभर के गांवों, कस्बों, पंचायतों और संस्थानों में भी लोगों ने उत्साह से पौधे लगाए। वृक्ष मित्र परिवार ने इस अभियान में अहम भूमिका निभाई। इस अभियान के तहत हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया।
“साल में एक पेड़ जरूर लगाएं”
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से अपील की कि हर नागरिक साल में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए। इसके साथ ही अपने साथ पाँच और लोगों को इस मुहिम से जोड़े और वो पाँच लोग अन्य पाँच लोगों को इस मुहिम से जोड़े। ताकि इस अभियान को बड़ी जनभागीदारी मिले। कृषि मंत्री ने कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म और माता-पिता की पुण्य स्मृति जैसे अवसरों पर भी एक पेड़ जरूर लगाएं। इन अवसरों को भी “वृक्ष पर्व” के रूप में मनाया जाना चाहिए। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंचायतों, नगर निकायों और संस्थानों से भी कहा कि पौधारोपण के लिए तय स्थान बनाए जाएं, ताकि पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित हो सके।












