योगी सरकार की बड़ी पहल, शिक्षकों के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध करवाएगी सरकार

योगी सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में शिक्षकों को जरूरी अकादमिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की लिमिट जारी की है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का उद्देश्य है राज्य के छात्रों को उच्च और बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसके लिए जरूरी है शिक्षक की बेहतर तैयारी। इसी दिशा में काम करते हुए योगी सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में शिक्षकों को जरूरी अकादमिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की लिमिट जारी की है। बता दें कि राज्य के सभी 75 जिलों में कक्षा 1 से 5 तक हिंदी और गणित के शिक्षकों के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध कराई जाएगी। जबकि कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में अलग से 42.61 लाख रुपये की लिमिट जारी हुई है। योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य शिक्षक को पाठ की तैयारी, शिक्षण गतिविधियों की योजना और कक्षा की जरूरत के अनुसार प्रभावी शिक्षण के लिए तैयार करना है।

शिक्षक की तैयारी के लिए 338.54 लाख रुपये
राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा की ओर से कक्षा 1 से 5 तक हिंदी और गणित विषय की संदर्शिका और शिक्षक डायरी के मुद्रण एवं आपूर्ति के लिए 75 जिलों को कुल 338.54 लाख रुपये की लिमिट जारी की गई है। इसमें संदर्शिका के मुद्रण के लिए 172.35 लाख रुपये शामिल है। शिक्षक डायरी के लिए 152.91 लाख रुपये और मुद्रित सामग्री के परिवहन के लिए 13.27 लाख रुपये शामिल हैं। बता दें कि संदर्शिका शिक्षक को पाठ्यपुस्तक के साथ विषयवस्तु को बेहतर ढंग से समझाने, शिक्षण गतिविधियों की योजना बनाने और कक्षा की जरूरत के अनुसार पाठ को आगे बढ़ाने में सहयोग देगी। वहीं शिक्षक डायरी के माध्यम से शिक्षक अपनी कक्षा कक्ष की कार्ययोजना और शिक्षण गतिविधियों की तैयारी को ज्यादा व्यवस्थित कर सकेंगे।

उच्च प्राथमिक शिक्षकों के लिए पहल
इसके अलावा कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में 42.61 लाख रुपये की अलग लिमिट जारी की जाएगी। इससे उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षक भी अपनी कक्षा और विषय की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शैक्षिक संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।

शिक्षण योजना के लिए सुविधा
शिक्षक के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी कक्षा-कक्ष की तैयारी को ज्यादा व्यवस्थित बनाने में सहायक होंगी। संदर्शिका के माध्यम से शिक्षक पाठ्यवस्तु को विद्यार्थियों के स्तर और सीखने की जरूरत के अनुसार प्रस्तुत करने की योजना बना सकेंगे। शिक्षक डायरी में दैनिक और साप्ताहिक शिक्षण गतिविधियों की तैयारी, कक्षा-कक्ष की कार्य-योजना और जरूरी शैक्षिक गतिविधियों को व्यवस्थित किया जा सकेगा।

सामग्री समय पर मिलने पर जोर
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने निर्देश दिए है कि संदर्शिका और शिक्षक डायरी की आपूर्ति और विद्यालय स्तर तक उनके वितरण को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों को शैक्षिक सत्र के दौरान जरूरी सामग्री के लिए इंतजार न करना पड़े।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़