दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एक विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक अनिल झा वत्स अंडरगारमेंट्स में बैठकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के कागजों पर साइन करता नजर आया। इस वीडियो के तेजी से वायरल होते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने विधायक अनिल झा वत्स के आपत्तिजनक पहनावे का जिक्र करते हुए उनके इस तरीके को बहुत ही शर्मनाक बताया।
सीएम रेखा गुप्ता ने की कड़ी आलोचना
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “आपका व्यवहार शर्मनाक है। जब महिलाएं अपने कागजात पर हस्ताक्षर करवाने के लिए आपके पास आएं, तो कम से कम आपको ठीक से कपड़े पहनने चाहिए।” बता दें कि आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा वत्स उत्तर-पश्चिम दिल्ली के किराड़ी से AAP विधायक हैं।
अंडरगारमेंट्स में बैठे AAP विधायक
विधायक अनिल झा वत्स का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक बनियान और शॉर्ट्स पहने कुर्सी पर पालथी मारकर बैठे नजर आए। विधायक महिलाओं को आर्थिक मदद देने की दिल्ली सरकार की योजना के लिए उनके आवेदन फॉर्म पर साइन कर रहे थे। इस दौरान यह वीडियो बनाया गया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद से विधायक पर सवाल उठ रहे है। महिलाओं के सामने विधायक के इस पहनावे की कड़ी आलोचना हो रही है।












