उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। साथ ही अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव को भी अपने निशाने पर लिया। मंत्री ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने शिवपाल यादव के उस बयान को लेकर सवाल खड़े कर दिए, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अपने लोगों के मुकदमे वापस लेने और आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कही थी।
‘अपने चच्चू को संभालिए’
मंत्री ओपी राजभर ने बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “मित्र अखिलेश यादव जी! ज़रा अपने चच्चू को सम्भालिए नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में आने नहीं देंगे।’
शिवपाल यादव के बयान पर तंज
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में कहा कि “शिवपाल यादव आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कह रहे हैं। ‘कैसे बनेंगे, ज़रा आप ही बताइए। एक अपराधी चुनाव कैसे लड़ेगा मंत्री कैसे बनेगा” ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले पर भी तंज कसा। मंत्री ने कहा कि “शिवपाल यादव ‘पीडीए यानी ‘पीट देगा अहीर’ और ‘पीट देगा अशफ़ाक़’ को अपराध करने के लिए बढ़ावा दे रहे हैं।’
सुभासपा कार्यालय में हमले का जिक्र
मंत्री ने अपनी पोस्ट में अपने पार्टी कार्यालय में हुए हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “ये भी हो सकता है कि मेरे दफ़्तर में गुंडा भी चाचा ने भिजवाया हो ताकि नाम आपका आ जाये”।
रामायण के विभीषण का दिया उदाहरण
अंत में मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को रामायण के विभीषण का उदाहरण भी दे डाला। मंत्री ने कहा कि, “अखिलेश जी, विभीषण की कहानी पढ़ लीजिए। विभीषण बहुत सीख देने वाला पात्र है”। इसके बाद ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर हमला और तंज करते हुए लिखा कि कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और ज़रिया विभीषण ही बनेगा।












