मध्यप्रदेश सरकार राज्य में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे लेकर स्पष्ट किया है कि प्रदेश में प्राकृतिक दूध से बने पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों को ही प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा एनालॉग पनीर की बिक्री और इससे जुड़ी गतिविधियों को सरकार बढ़ावा नहीं देगी।
एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध का फैसला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है। देश के अन्य राज्यों में भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब सिर्फ प्राकृतिक दूध से बने उत्पादों को ही बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश में प्राकृतिक पनीर का उत्पादन किया जाएगा और इन्हीं उत्पादों के जरिए मध्यप्रदेश की अलग पहचान बनाने का प्रयास होगा।
दूध उत्पादन बढ़ाने पर विशेष फोकस
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार दूध का उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। सीएम ने स्पष्ट किया सरकार का विशेष फोकस अब प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर होगा। इसके विपरीत राज्य सरकार अब एनालॉग पनीर की बिक्री जैसी गतिविधियों को बिल्कुल भी बढ़ावा नहीं देगी।












