मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भोपाल में शौर्य स्मारक पहुंचे। यहां सीएम मोहन यादव ने प्रवासी सेनानी फोटो गैलरी का शुभारंभ किया। इस फोटो गैलरी में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है।
भारत विभाजन की त्रासदी को किया याद
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर भारत विभाजन की त्रासदी को याद किया। सीएम ने कहा कि विभाजन के दौरान करीब 65 लाख शरणार्थी भारत आए थे, जबकि बड़ी संख्या में लोग पाकिस्तान चले गए थे। उन्होंने कहा कि विभाजन का वो दौर बेहद पीड़ादायक था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तत्कालीन सरकार की नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि देश को ऐसी त्रासदी दोबारा नहीं देखनी पड़े, इसके लिए इतिहास से सीख लेना जरूरी है।
पुलिस की तिरंगा यात्रा को किया रवाना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह तिरंगा यात्रा भोपाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। लोगों को देश की आजादी, राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश देगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस तरह के आयोजनों से युवाओं में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
फोटो गैलरी में बलिदान से जुड़े प्रसंगों का प्रदर्शन
सीएम मोहन यादव ने बताया कि शौर्य स्मारक में शुरू की गई फोटो गैलरी में स्वामी विवेकानंद की यात्राओं और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग और बलिदान से जुड़े प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया गया है। जिसे लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से आयोजनों में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।












