मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल स्थित होमगार्ड मुख्यालय में अहम बैठक की। राज्य में हो रही लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की सीएम मोहन यादव ने समीक्षा की। इस बैठक में राज्य के आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों और राज्यों के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य तेज करें।
अधिकारियों से ली पूरी जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जीपी कैलाश मकवाना समेत पुलिस और रेस्क्यू टीम के वरिष्ठ अधिकारियों से स्थिति की पूरी जानकारी ली। प्रदेश में लगातार बढ़ रही बारिश के हालात की सीएम मोहन यादव ने जानकारी ली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में जहां भी बारिश के कारण नागरिक, किसान या मवेशी संकट में हैं, वहां रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। सीएम ने बताया कि अब तक रेस्क्यू टीम ने 27 लोगों की जान बचाई है। वहीं कई जगहों पर एक साथ फंसे लोगों को भी सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
सीएम की लोगों से अपील
सीएम मोहन यादव ने कहा कि बारिश के स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीम दिन-रात काम कर रही है। वहीं जरूरत पड़ने पर एक साथ कई स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी समन्वय किया जा रहा है। सरकार इस मुश्किल की घड़ी में लोगों को हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोगों से भी अपील की कि नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।












