स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने 2047 तक “विकसित भारत” की दिशा में भारत की यात्रा में खेल और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “टॉप्स योजना बहुत सफल हुई है। भारत – खेलो इंडिया गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, विंटर गेम्स, बीच गेम्स, खेल अवसंरचना, खेल प्रशिक्षण, खेल चिकित्सा और खेल पोषण- इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवाओं के लिए, भले ही वे स्वयं एथलीट न बन पाएं, खेल से जुड़े सहयोग तंत्र में अवसरों का एक विशाल नया क्षेत्र खुल रहा है।”
लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को आने वाले समय में लाभ होगा। पीएम ने कहा कि “हम अपने देश के युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू कर रहे हैं। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना 15 अगस्त से लागू हो रही है। इस योजना के तहत, सरकार निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले प्रत्येक बेटे या बेटी को 15,000 रुपये देगी। इस योजना के तहत लगभग 3.5 करोड़ युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।”
2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए तैयार
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व मंच पर भारत की बढ़ती खेल महत्वाकांक्षाओं का भी उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि “खेल जगत में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और हम 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में आगे बढ़ रहे हैं। भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी करेगा।”












