मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ हुई निर्णायक कार्रवाई की सराहना की। सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश को नक्सलवाद मुक्त करने के लिए निर्णायक कार्रवाई की। सीएम ने कहा कि इस कार्रवाई के बाद अब राज्य में भय का माहौल बिल्कुल खत्म हो गया है। अब राज्य में विकास की धारा बह रही है।
आज देश की सीमाएं सुरक्षित
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया के सामने सामर्थ्य और पराक्रम की नई गाथा लिख रहा है। आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। वहीं अब भारत किसी भी चुनौती का साहस के साथ सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। अगर कोई पड़ोसी देश दुस्साहस करता है, तो भारतीय सेना उसे मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तत्पर है। विरोधियों को भारत की शक्ति का परिचय कराने में पूरी तरह सक्षम है। आज भारत दुनिया का न सिर्फ सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि वैश्विक मंच पर एक सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है।
मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि, “मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण निरंतर मजबूत हो। नक्सलवाद के खिलाफ राज्य को जो सफलता मिली है वो भी इसी संकल्प का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सुरक्षित, विकसित और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।












