आंध्र प्रदेश सरकार अग्निशमन विभाग को आधुनिक बनाने पर जोर दे रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन विभाग के लिए आधुनिक गाड़ियां और उपकरण खरीद रही है। जिसकी लागत लगभग 252.86 करोड़ रुपए है। सीएम ने बताया कि अकसर आग लगने की घटनाओं और आपदाओं से राज्य को जूझना पड़ता है। ऐसी स्थिति में जान-माल की बेहतर सुरक्षा के लिए फायर डिपार्टमेंट को आधुनिक बनाया जा रहा है।
58 अग्निशमन गाड़ियों का उद्घाटन
दरअसल मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने 58 अग्निशमन गाड़ियों का उद्घाटन किया। जो 15वें वित्त आयोग के फंड से खरीदी गई लगभग 40 करोड़ रुपए की कीमत वाली हैं। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हम केंद्र और राज्य सरकारों के फंड का इस्तेमाल करके कुल 252.86 करोड़ रुपए की लागत से चरणों में आधुनिक गाड़ियां और उपकरण खरीद रहे हैं। पहले चरण में, हमने पहले ही 33 करोड़ रुपए की लागत से 65 फायर टेंडर उपलब्ध कराए हैं। अभी-अभी हमने दूसरे चरण के तहत 40 करोड़ रुपए की लागत वाली 58 गाड़ियां लॉन्च की हैं।
फायर स्टेशनों पर इंफ्रास्ट्रक्चर बनेगा बेहतर
सीएम ने इस अवसर पर घोषणा की कि सरकार तीसरे चरण में और फायर टेंडर और अग्निशमन उपकरण जल्द ही लाएगी। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार फायर स्टेशनों पर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दे रही है। हम पूरे राज्य में फायर सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहे हैं।












