मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। जहां सीएम मोहन यादव ने नए ‘अटल पथ’ का उद्घाटन किया। नया ‘अटल पथ’ 16 करोड़ से ज़्यादा की लागत से बना है। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने अन्य विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।
“विकास का सिलसिला जारी रहेगा”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “इंदौर में विकास का यह सिलसिला बिना रुके जारी रहेगा। हमारी सरकार सुशासन, विकास और राष्ट्र-निर्माण के लिए अटल जी के सपनों को साकार करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है”।
25 फुट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास
वहीं इंदौर के दशहरा मैदान स्थित उद्यान में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फुट ऊंची प्रतिमा की स्थापना के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। सीएम मोहन यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फुट ऊंची प्रतिमा का शिलान्यास किया।
“यह सिर्फ एक स्मारक का निर्माण नहीं”
इस अवसर पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि “अटल जी की प्रतिमा की स्थापना सिर्फ एक स्मारक का निर्माण नहीं है, बल्कि यह उनकी सोच और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह प्रतिमा नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अटल जी के जीवन, उनकी देशभक्ति, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र-निर्माण के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराएगी”।












