इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर के साथ 14-D सिनेमा थिएटर और 360 डिग्री वर्चुअल जंगल सफारी का लोकार्पण किया। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में इन्हें PPP मॉडल के तहत तैयार किया गया है। जिनकी लागत करीब 4.5 करोड़ रुपए की है। सीएम मोहन यादव ने इनके लोकार्पण के साथ-साथ इसकी तकनीकी विशेषताओं के बारे में भी जानकारी ली।
वन्यजीवों के साथ वर्चुअल अनुभव
बता दें कि इस वर्चुअल जंगल सफ़ारी के ज़रिए पर्यटक यहीं पर जंगल और वन्यजीवों के साथ वर्चुअल अनुभव ले सकेंगे। इस सुविधा से नगर निगम के लिए राजस्व भी प्राप्त होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर हमेशा नवाचार और विकास में नए आयाम स्थापित करता रहा है। यह वर्चुअल जंगल सफारी आमजन, बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगी।
सीएम ने देखी 14-D फिल्म
वहीं लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों के साथ 14-D सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म देखी। इसके बाद सीएम मोहन यादव ने 360 डिग्री थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इसे अद्भुत अनुभव बताया। सीएम मोहन यादव ने मौजूदा अधिकारियों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।












