दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में NICDIT की शीर्ष निगरानी समिति की बैठक हुई। इस बैठक में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मौजूद रहे। बैठक के बाद सीएम मोहन यादव ने कहा कि “मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं, उद्योगों के लिए सुविधाओं और केंद्र व राज्य के बीच समन्वय से विकसित किए जा रहे प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी साझा की गई”।
11 औद्योगिक पार्कों के लिए प्रस्ताव
सीएम मोहन यादव ने कहा कि “केंद्र सरकार की ‘भव्य’ योजना के तहत, मध्य प्रदेश ने पहले चरण (Phase-I) के पहले दौर (Round-I) में 11 औद्योगिक पार्कों के लिए प्रस्ताव भेजे हैं। योजना के अनुसार, कुल 9,047.08 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। इन पार्कों को निवेश और ‘प्लग-एंड-प्ले’ सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य है। इससे न केवल राज्य में नया निवेश आएगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे”।
इस बैठक में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।












