बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। हादसे के पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना जताई। पीएम मोदी ने हादसे के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि की घोषणा की है। पीएम ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही घायलों को पचास-पचास हजार रुपये देने की घोषणा की है।
अनुग्रह राशि की घोषणा
इस घोषणा की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए दी। पोस्ट में कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे”।
अचानक मची भगदड़ से हादसा
बता दें कि यह घटना 17 अगस्त 2026 की है। जब लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। हादसे के पीछे का कारण अचानक मची भगदड़ बताई जा रही है। इस हादसे में करीब 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 12 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हुए हैं।












