केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश में एच1एन1 इन्फ्लूएंजा की मौजूदा स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान जेपी नड्डा ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर ध्यान केंद्रित किया गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी बैठक में मौजूद रहे।
इन्फ्लुएंजा के रुझानों की निरंतर निगरानी
बैठक में केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय निगरानी एवं महामारी विज्ञान की स्थिति, इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण के रुझानों, जांच और प्रयोगशाला निगरानी और मौसमी इन्फ्लुएंजा के मामलों के प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान जेपी नड्डा ने निरंतर सतर्कता, मजबूत निगरानी और सक्रिय तैयारियों की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान जेपी नड्डा ने इन्फ्लुएंजा के रुझानों की निरंतर निगरानी करने को कहा। इसके साथ ही मामलों में किसी भी असामान्य वृद्धि या समूह की समय रहते पहचान और उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली के अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अस्पताल में बिस्तरों, गहन चिकित्सा सुविधाओं, ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों, वेंटिलेटर, आवश्यक दवाओं, निदान उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण आपूर्तियों की उपलब्धता आदि स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। जेपी नड्डा ने विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले रोगियों के लिए पर्याप्त आपातकालीन क्षमता और सुगम रेफरल तंत्र के महत्व पर जोर दिया।
इन्फ्लुएंजा के मामलों की शीघ्र पहचान पर जोर
जेपी नड्डा ने इन्फ्लुएंजा के मामलों की शीघ्र पहचान पर जोर दिया। इन मामलों की समय पर जांच और उचित नैदानिक प्रबंधन को लगातार मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने मौजूदा निगरानी और प्रयोगशाला नेटवर्क के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया। जेपी नड्डा ने जन जागरूकता, स्वच्छता, निवारक स्वास्थ्य उपायों पर भी जोर दिया।












