नोएडा के सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित एक कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-75 स्थित महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन किया। जिसके बाद रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया।
मेडिकल तकनीक ने की प्रगति
समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले कुछ सालों में मेडिकल तकनीक ने बहुत प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पहले जिन बीमारियों का पता लगाना काफी मुश्किल होता था, अब आधुनिक जांच तकनीकों के माध्यम से यह आसान हो गया है। अब आधुनिक तकनीक से बीमारियों की पहचान जल्द और अधिक सटीक तरीके से संभव हो पा रही है।
जांच सुविधाएं एक ही केंद्र पर उपलब्ध
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा कि, “अब मरीजों को रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और अन्य जांच सुविधाएं एक ही केंद्र पर उपलब्ध हो रही है। इन सुविधाओं से अब मरीजों को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ रहा है। साथ ही, डॉक्टरों को भी इससे काफी आसानी हो रही है। डॉक्टरों को भी सभी जांच रिपोर्ट एक साथ मिल जाने से उपचार संबंधी फैसले लेने में काफी आसानी होती है।
शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रक्षा मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनकी सुरक्षा में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर रूट डायवर्जन भी किया गया था।












