दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरोजगरी के मुद्दे पर कहा कि बेरोजगारी की समस्या को लाइसेंस राज ने बढ़ाया, जबकि उनकी सरकार अब युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का मानना है कि कानून के तहत जिस काम पर स्पष्ट रोक नहीं है, उसके लिए अलग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। लोगों के जीवन में सहूलियत लाने के लिए नीतिगत स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं।
शासन व्यवस्था को सरल बनाने पर जोर
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि, हमारी सरकार नियमों में बदलाव नहीं कर रही, बल्कि नियमों से जुड़ी पूरी नीति बदल रही है। पीएम मोदी ने सुधारों को सरकार की प्राथमिकता बताया। पीएम ने कहा कि भारत की आर्थिक विकास की गति बनाए रखने और शासन व्यवस्था को सरल बनाने के लिए अगली पीढ़ी के सुधार लागू किए जा रहे हैं।
पूर्व सरकारों की नीतियों पर निशाना
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा, इस समय दुनिया आर्थिक विकास को लेकर कई चुनौतियों का सामना कर रही है। संसाधनों का
इस्तेमाल दबाव बनाने के साधन के तौर पर किया जा रहा है। इसके बावजूद दुनिया अब भारत को विकास के एक उज्ज्वल केंद्र के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व सरकारों की नीतियों पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व सरकारों कि व्यवस्था लोगों को अभाव में रखने वाली थी, जिससे उन्हें बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब स्थिति बिल्कुल बदल चुकी है। अब लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।












