उत्तराखंड की धामी सरकार राज्य आंदोलनकारियों, सैनिकों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। अपने चार साल के कार्यकाल में धामी सरकार ने विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी दिशा में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर बड़ा फैसला लिया है। राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों के लिए मासिक पेंशन की राशि 3,000 रुपए से बढ़ाकर 5,500 रुपए कर दी गई है।
सीएम धामी ने पोस्ट किया शेयर
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, “उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना सब कुछ समर्पित करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों का सम्मान करना हमारी सरकार की हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उनके बलिदान, संघर्ष और शहादत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों के लिए मासिक पेंशन की राशि 3,000 रुपए से बढ़ाकर 5,500 रुपए कर दी गई है”।
राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को सम्मान
धामी सरकार ने अपने इस फैसले से एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। यह फैसला भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है। सीएम धामी का कहना है कि राज्य आंदोलनकारियों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। राज्य सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।












