दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिल्ली जल बोर्ड को ADB यानि एशियाई विकास बैंक से 2 हजार 500 करोड़ का ऋण लिया जा रहा है। इस ऋण की मदद से दिल्ली सरकार शहर की जल आपूर्ति में बड़े सुधार की शुरुआत करेगी। इस ऋण के तहत वज़ीराबाद कमांड एरिया के लिए 805 करोड़ और 935 करोड़ के दो पैकेज मंज़ूर किए गए हैं। साथ ही, वेस्ट और साउथ-वेस्ट दिल्ली के लिए 11,427 करोड़ के निवेश को आगे बढ़ाया गया है, जिससे पानी की सप्लाई के बेहतर इंफ़्रास्ट्रक्चर का फ़ायदा दिल्ली के 36 लाख से ज़्यादा लोगों को मिलेगा”।
दो बड़े पैकेज मंज़ूर किए गए
मुख्यमंत्री ने कहा कि “केंद्र सरकार के सहयोग से, 2,500 करोड़ के ADB फंड के तहत वज़ीराबाद WTP कमांड एरिया में 805 करोड़ और 935 करोड़ के दो बड़े पैकेज मंज़ूर किए गए हैं। इसके साथ ही, नए UGR, पानी की लाइनें और DMA मीटरिंग की व्यवस्था भी तैयार की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप, दिल्ली सरकार राजधानी के जल प्रबंधन सिस्टम को आधुनिक, मज़बूत और भविष्य की ज़रूरतों के अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है”।
नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही सरकार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, केंद्र सरकार की मदद से, दिल्ली सरकार दिल्ली के हर घर में बिना रुकावट और साफ़ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। दिल्ली के जल प्रबंधन सिस्टम को आधुनिक और मज़बूत बनाने के लिए, दिल्ली सरकार बड़े पैमाने पर नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है।
‘ज़मीनी स्तर से होगा बदलाव’
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि, “2014 के बाद, देश ने स्वच्छता अभियान को एक जन-आंदोलन बनते और हर घर तक नल से पानी पहुँचाने के काम को एक राष्ट्रीय मिशन बनते देखा है। इसलिए, 2025 से दिल्ली ने भी यह संकल्प लिया है कि बदलाव ज़मीनी स्तर से होगा। सीवर नेटवर्क को मज़बूत किया जा रहा है, नए STP बनाए जा रहे हैं, पुराने STP को अपग्रेड किया जा रहा है और दशकों पुरानी लाइनों की सफ़ाई का काम तेज़ी से चल रहा है। ‘स्वच्छ यमुना अभियान’ मिशन मोड में आगे बढ़ रहा है”।












