उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया। इस दौरान सीएम धामी ने स्टॉल्स पर जाकर महिलाओं की ओर से हाथ से बनाए गए कई स्थानीय उत्पाद खरीदे।
उत्पाद हमारी लोक संस्कृति की पहचान
इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं, कौशल और आत्मनिर्भरता की पहचान हैं। इनके पीछे हमारी बहनों की कड़ी मेहनत, लगन और अपने परिवारों के लिए बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प है”।
‘वोकल फॉर लोकल’ को बनाए जन-आंदोलन
सीएम धामी ने आगे कहा कि, “जब हम इन स्थानीय उत्पादों को अपनाते हैं, तो हमारी खरीदारी सीधे तौर पर किसी बहन के आत्म-सम्मान, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को मज़बूत करती है। यही भावना ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक जन-आंदोलन में बदलती है”।
सीएम धामी की सभी नागरिकों से अपील
वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आगामी त्योहारों के मौके पर राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। हमारे राज्य के कौशल का सम्मान करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को पूरा करने में भागीदार बनें।












