केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में PM-YASASVI योजना के तहत लाभ को लेकर लोकसभा में पूरी जानकारी दी। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने बताया की इस योजन के कार्यान्वयन की नियमित रूप से समीक्षा की जाती है, जिसके लिए मासिक वीडियो कॉन्फ्रेंस के साथ-साथ क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कॉन्फ्रेंस भी आयोजित किये जाते हैं।
क्या है PM-YASASVI योजना?
बता दें कि केंद्र सरकार की PM-YASASVI छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत ओबीसी और अन्य के लिए मैट्रिक-पूर्व छात्रवृत्ति योजना का प्रावधान किया गया है। ओबीसी और अन्य के लिए मैट्रिक-उपरांत छात्रवृत्ति योजना, वहीं ओबीसी और अन्य के लिए स्कूलों में उच्च-स्तरीय शिक्षा योजना का इस योजना के तहत प्रावधान है। इसके अलावा ओबीसी और अन्य के लिए कॉलेजों में उच्च-स्तरीय शिक्षा योजना शामिल हैं।
महाराष्ट्र को मिली मदद
मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि मैट्रिक-पूर्व और मैट्रिक-उपरांत ओबीसी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए महाराष्ट्र को शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल में शामिल किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान महाराष्ट्र में ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी छात्रों के लिए पीएम-यशस्वी मैट्रिक-पूर्व छात्रवृत्ति योजना के तहत 1,079 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,072 आवेदन आधार सत्यापित थे। वहीं 575 आवेदन सत्यापित किए गए थे।
वित्त वर्ष 2025-26 में 1,940 लाख रुपए जारी
मंत्री ने कहा कि सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 में ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी छात्रों के लिए मैट्रिक-पूर्व छात्रवृत्ति योजना के तहत महाराष्ट्र सरकार को 555.74 लाख रुपए जारी किए थे जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1,940 लाख रुपए हो गया। मंत्री ने जानकारी दी कि वित्त वर्ष 2023-24 में राज्य से कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ, इसलिए उस वर्ष कोई धनराशि जारी नहीं की गई।












