दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रग़ी है। इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी उपस्थित रहे। दिल्ली सरकार ने 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिल्लीवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। इनके जुड़ने से दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या अब लगभग 5,000 हो गई है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक सूर्यप्रकाश खत्री और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
महिलाओं के लिए खास सौगात
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि, आज का दिन दिल्ली की महिलाओं के लिए भी खास है। महिलाओं के लिए खास तौर पर 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएँ शुरू की गई हैं, जो हिंदू कॉलेज, रामजस, दौलत राम, श्री राम कॉलेज, LSR,गार्गी, हंसराज और SGGSCC जैसे प्रमुख कॉलेजों तक सीधी कनेक्टिविटी देंगी। इसके साथ ही, दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस सेवा और राजघाट डिपो-1 पर एक पब्लिक EV चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया”।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा
इसके अलावा सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, “हमने सदन में CAG की 19 रिपोर्ट पेश कीं, जिनमें से हर एक में पिछली आम आदमी पार्टी सरकार यानी केजरीवाल सरकार के समय हुए किसी न किसी घोटाले का ज़िक्र था। इन सभी CAG रिपोर्ट पर कार्रवाई चल रही है। सत्येंद्र जैन ने जल बोर्ड में घोटाला किया था और इसी वजह से वे जेल गए हैं। कार्रवाई जारी है और एजेंसियां अपना काम कर रही हैं”।












