नशे के खिलाफ केंद्र सरकार ने महाअभियान शुरू किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया है। जो विशेष रूप से 100 सप्ताह तक चलाया जाएगा। इस अभियान के जाए युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विशेष अभियान के शुभारंभ पर देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज और देश के भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसलिए इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना बहुत जरूरी है।
अभियान से जुड़ने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब देश का युवा पूरी तरह स्वस्थ होगा, जागरूक होगा तभी विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि नशे की लत न सिर्फ युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर नागरिक से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ ये सिर्फ सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह एक जन आंदोलन बनना चाहिए। इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर अपनी भूमिका निभानी होगी। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, शिक्षा बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर देश के नागरिक मिलकर इस दिशा में काम करेंगे, तो भारत को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य जरूर हासिल किया जा सकेगा।
नशे के गलत प्रभावों के प्रति जागरूकता
पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के युवाओं को जागरूक करें, नशे के गलत प्रभावों के बारे में जानकारी दें। यह अभियान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नागरिकों और युवाओं से आह्वान किया कि नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान जरूर दें।












