केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के देवास में दिशा समिति की बैठक में शिरकत की। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि, ग्रामीण विकास, सिंचाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, सड़क, रोजगार विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान में देवास जिले के विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
विस्तृत कृषि रोडमैप तैयार
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देवास जिले के लिए विस्तृत कृषि रोडमैप तैयार किया गया है। यह रोडमैप भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और भारत सरकार के कृषि विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है। कृषि मंत्री ने बताया कि जिले की मिट्टी, जलवायु, जल उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन कर रोडमैप बनाया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना है। इससे किसानों की आय बढ़ाना और आदर्श कृषि व्यवस्था विकसित करना है। कृषि मंत्री ने कहा कि सिफारिशों के आधार पर बेहतर बीजों, फसलों और बागवानी क्लस्टरों पर काम किया जाएगा। साथ ही किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से प्रोसेसिंग गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हो सके।
आर्थिक रूप से सशक्त बन रही महिलायें
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कृषि मंत्री ने बताया कि वर्तमान में देवास जिले में लगभग 35 हजार लखपति दीदियां हैं। वहीं अब 37 हजार नई महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में बैंकर्स के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण और ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जोर दिया गया कि जो महिलाएं अभी तक स्वयं सहायता समूहों से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैंकों से व्यक्तिगत महिलाओं को बड़े ऋण उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी है, जिससे वे स्वरोजगार और छोटे उद्योगों के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकें।












