देशभर में स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जारी है। इसी दिशा में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा फहराया। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में लाखों लोगों के साथ जुड़ें। हर नागरिक अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देशभक्ति का जश्न मनाएँ।
श्रेष्ठ भारत की भावना सशक्त
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान आज हर भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को और मजबूत कर रहा है। आज करोड़ों देशवासी तिरंगे के साथ जुड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त कर रहे हैं।”
“तिरंगा फहराकर सेल्फी करें अपलोड”
वहीं अमित शाह ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा कि, “तिरंगा हमारे देश के प्रति हमारे गर्व और हमारी एकता की ताकत का प्रतीक है। मैंने अपना राष्ट्रीय ध्वज फहराकर #HarGharTiranga अभियान में हिस्सा लिया। मैं हर नागरिक से अपील करता हूँ कि वे इस अभियान में लाखों अन्य लोगों के साथ जुड़ें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर तथा http://harghartiranga.com पर अपनी सेल्फी अपलोड करके देशभक्ति का जश्न मनाएँ।”












